fbpx
ख़बरेंचंदौली

चंदौली न्यूज : ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर निकली भारत शौर्य तिरंगा यात्रा, गूंजा भारत माता का जयघोष

 चंदौली। भारतीय सेना की ओर से पाकिस्तान में की गई सफल सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की उपलब्धि पर शुक्रवार को पीडीडीयू नगर में भारत शौर्य तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय गणमान्य नागरिकों की अगुवाई में यह यात्रा भारतीय सेना के अदम्य साहस और पराक्रम को सम्मानित करने हेतु निकाली गई। इस दौरान भारत माता के जयघोष से पूजा इलाका गुंजायमान रहा।

यात्रा का शुभारंभ जीटी रोड स्थित गुरुद्वारे से हुआ, जिसे राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह, सांसद साधना सिंह, भाजपा विधायक सुशील सिंह एवं विधायक रमेश जायसवाल ने संयुक्त रूप से झंडा दिखाकर रवाना किया। यात्रा आर्य समाज मंदिर, परमार कटरा और काली मंदिर होते हुए पीडीडीयू रेलवे स्टेशन परिसर स्थित भव्य तिरंगे के पास संपन्न हुई। इस दौरान सभी प्रतिभागी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों के साथ देशभक्ति से ओतप्रोत नजर आए।

 

मुख्य अतिथि दर्शना सिंह ने कहा कि भारत अब आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं, बल्कि मुंहतोड़ जवाब देने वाला राष्ट्र बन चुका है। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से सेना ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को खत्म किया। सांसद साधना सिंह ने कहा कि पूरी दुनिया ने भारत का शौर्य देखा है – यह नया भारत है जो अपने वीर जवानों पर गर्व करता है। तिरंगा यात्रा में भाजपा विधायक कैलाश आचार्य, अनिल गुप्ता गुड्डू, राणा प्रताप सिंह, किरन शर्मा, विनिता अग्रहरि, सौरभ चंद्रा, चंद्रेश्वर जायसवाल सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।

 

Back to top button