चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

किसके सिर सजेगा ताज, फैसला आज, मतगणना शुरू, पहले चक्र में पोस्टल बैलेट के मतों की गिनती

 

चंदौली। विधानसभा चुनाव में मुगलसराय, सकलडीहा, सैयदराजा व चकिया विधानसभा से ताल ठोक रहे 43 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला आज होगा। मुख्यालय स्थित नवीन कृषि मंडी में मतगणना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पहले चक्र में पोस्टल बैलेट के वोट गिने जाएंगे। इसके बाद ईवीएम के वोटों की गणना होगी। दोपहर बाद तक जीत-हार का फैसला होने की उम्मीद है।

 

मुख्यालय स्थित नवीन कृषि मंडी में मतगणना का क्रम सुबह आठ बजे से शुरू हो गया। 10 बजे तक रूझान आने शुरू हो जाएंगे। चारों विधानसभा में लगभग 30 चक्र की मतगणना में जीत-हार का फैसला होने की उम्मीद है। पोस्टल बैलेट के मतों की गिनती अलग टेबल पर की जा रही है। इसके बाद ईवीएम के वोट गिने जाएंगे। मतगणना को लेकर प्रत्याशियों के साथ ही राजनीतिक दलों के समर्थकों में भी उत्साह है। उनके मंडी पहुंचने का क्रम शुरू हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन मुस्तैद है। मतगणना स्थल पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

 

2017 में तीन पर भाजपा व एक पर सपा का रहा कब्जा

विधानसभा चुनाव 2017 में तीन सीटों  पर भाजपा व एक पर सपा का कब्जा था। मुगलसराय, चकिया व सैयदराजा से भाजपा उम्मीदवारों ने जीत हासिल की थी। वहीं सकलडीहा से सपा प्रत्याशी पर जनता ने भरोसा जताया था। मतदाताओं ने सात मार्च को किसे अपना प्रतिनिधि चुना, दोपहर बाद इसका फैसला हो जाएगा।

 

भाजपा ने दो विधायकों के काटे थे टिकट

भाजपा ने मुगलसराय विधायक साधना सिंह व चकिया से शारदा प्रसाद का टिकट काटकर नए चेहरों पर दाव लगाया था। मुगलसराय से रमेश जायसवाल व चकिया से पेशे से शिक्षक रहे व राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ से जुड़े रहे कैलाश खरवार पर दाव लगाया था। पार्टी ने सकलडीहा व सैयदराजा से प्रत्याशी नहीं बदले।

Back to top button