
चंदौली : संयुक्त वामपंथी दलों के प्रदेशव्यापी आह्वान पर जनपद में वामपंथी एवं जनवादी दलों ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था के कथित पतन और सहारनपुर में मस्जिद विध्वंस के विरोध में जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम मांग पत्र सौंपा।
वामपंथी दलों ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज खत्म कर बुलडोजर और पुलिस राज कायम किया जा रहा है। सहारनपुर में एक सदी से अधिक पुरानी मस्जिद को कथित तौर पर रात के अंधेरे में ध्वस्त किया जाना संविधान, न्यायिक प्रक्रिया और नागरिक अधिकारों पर गंभीर हमला है। सप्ताहांत में कार्रवाई कर प्रभावित पक्ष को न्यायालय जाने का अवसर न देना सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
नेताओं ने कहा कि राजनीतिक विरोधियों को नजरबंद करना, निगरानी बढ़ाना और विरोध की आवाज दबाना लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। सांप्रदायिक ध्रुवीकरण और दमन के जरिए जनता को डराने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वामपंथी दलों ने राज्यपाल से प्रदेश में कानून का राज सुनिश्चित करने, सहारनपुर मस्जिद विध्वंस की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों एवं दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा मस्जिद की इंतजामिया कमेटी को न्याय दिलाने की मांग की। किस्मत यादव, कन्हैया यादव, शंकर यादव, पिंटू, नरायन बिन्द, त्रिभुवन मौर्य आदि शामिल थे।

