
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के चहनिया-वाया धानापुर मार्ग पर सूरतापुर गांव के पास देर रात ऑटो और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रात करीब 12 बजे की है। टक्कर के बाद ऑटो चालक वाहन में फंस गया था। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और 112 नंबर पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची बलुआ पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से चहनियां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने ऑटो चालक को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतक विनोद गोंड (38) पुत्र बाउल गोंड चहनियां क्षेत्र का रहने वाला था। घायल की पहचान बृजेश कनौजिया पुत्र मुसन राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विनोद छह भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और काफी मिलनसार स्वभाव के थे। उनकी शादी गाजीपुर जनपद के घोड़सरा गांव में हुई थी। उनके दो बच्चे टेंपो (8 वर्ष) और कल्लू (5 वर्ष) हैं।
विनोद की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी तारा देवी और मां शिवकुमारी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं।
बलुआ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। वहीं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में जुटी हुई है।

