ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: ओडिशा से दिल्ली-राजस्थान भेजी जा रही 90 किलो गांजे की खेप पकड़ाई, चंदौली पुलिस ने चार अंतरराज्यीय तस्करों को दबोचा

चंदौली। चंदौली पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। थाना अलीनगर पुलिस ने पचपेड़वा अंडरपास (रेवसा) के पास घेराबंदी कर एक क्रेटा कार और डीसीएम मिनी ट्रक से गांजे की खेप बरामद करते हुए चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 22.50 लाख रुपये बताई जा रही है।

 

एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से डीसीएम ट्रक में अवैध गांजा लादकर वाराणसी होते हुए राजस्थान और दिल्ली ले जाया जा रहा है। ट्रक के आगे एक क्रेटा कार पायलट वाहन के रूप में चल रही थी, जो रास्ता साफ होने की सूचना दे रही थी।

सूचना मिलते ही थाना अलीनगर पुलिस ने रिंग रोड स्थित पचपेड़वा अंडरपास के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान क्रेटा कार की डिग्गी से 22 किलोग्राम तथा डीसीएम ट्रक में नीली पॉलिथीन के नीचे छिपाकर रखे गए 68 किलोग्राम गांजे के बंडल बरामद किए गए। इस तरह कुल 90 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।

 

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे वाहन स्वामी के निर्देश पर ओडिशा से गांजा खरीदकर दिल्ली और राजस्थान में सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस से बचने के लिए गांजे को वाहनों में छिपाकर ले जाया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान निवासी काशीराम, बिहार निवासी मनोज कुमार, दिल्ली निवासी ज्ञानेन्द्र कुमार तथा ओडिशा निवासी सुशांत कुमार दिग्गल शामिल हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया है।

 

इस मामले में थाना अलीनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास के साथ-साथ इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर सभी संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!