
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव स्थित काली माता मंदिर में मंगलवार रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर मंदिर से करीब 20 किलो वजनी पीतल का घंटा और सात चांदी की आंखें चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे ग्रामीणों को चोरी की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, मंगलवार शाम पूजन-अर्चन के बाद मंदिर में सब कुछ सामान्य था। बुधवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो वहां से घंटा और चांदी की आंखें गायब थीं। मंदिर में चोरी की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है।
सूचना मिलने पर धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले भी नरौली गांव के तीन मंदिरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इन मामलों में अब तक चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।
धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि नरौली गांव के काली माता मंदिर में चोरी की सूचना मिली है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

