ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: आयुर्वेद चिकित्सक के उत्पीड़न और बंधक बनाकर रुपये मांगने का आरोप, सीएमओ कार्यालय पर डॉक्टरों ने दिया धरना, एफआईआर की मांग

चंदौली। आयुर्वेद चिकित्सकों के संगठन वायस ऑफ आयुर्वेद के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. शैलेश कुमार राय के नेतृत्व में बुधवार को चिकित्सकों ने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पंजीकृत आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. नरेश कुमार पटेल के कथित उत्पीड़न के मामले में कार्रवाई की मांग की।

 

डॉ. शैलेश कुमार राय ने आरोप लगाया कि अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय यादव ने डॉ. नरेश कुमार पटेल को कथित तौर पर धमकाया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। आरोप है कि उन्हें बंधक बनाकर 20 हजार रुपये की मांग भी की गई। चिकित्सकों ने मामले में एफआईआर दर्ज कराने के साथ संबंधित अधिकारी के खिलाफ तत्काल विभागीय कार्रवाई की मांग की।

 

प्रदर्शन कर रहे चिकित्सकों के मुताबिक, 13 अगस्त को एसीएमओ लिखी गाड़ी से डॉ. संजय यादव समेत पांच लोग पटनवा स्थित डॉ. नरेश कुमार पटेल के राज क्लीनिक पहुंचे थे। आरोप है कि टीम ने चिकित्सक को कुर्सी से उठाकर पंजीकरण दिखाने को कहा। पंजीकरण प्रस्तुत करने के बाद उसे कथित तौर पर फर्जी बताते हुए चिकित्सक को अपमानित किया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि करीब एक घंटे तक 20 हजार रुपये की व्यवस्था करने का दबाव बनाया गया। साथ ही क्लीनिक सील कराने और एफआईआर दर्ज कराने की धमकी भी दी गई।

 

डॉक्टरों ने कहा कि आयुर्वेद एवं यूनानी पंजीकृत चिकित्सकों की जांच के लिए क्षेत्रीय आयुर्वेद-यूनानी अधिकारी की समिति अधिकृत है। ऐसे में एसीएमओ द्वारा की गई कार्रवाई को उन्होंने शासनादेश और संबंधित कानूनों के विपरीत बताया। चिकित्सकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

 

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुलाब चंद्र ने कहा कि राज क्लिनिक के खिलाफ आईजीआरएस पर शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर जांच के लिए टीम गठित की गई थी। रजिस्ट्रेशन के नोडल अधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया। जांच में आयुर्वेदिक चिकित्सक पंजीकृत मिले, लेकिन क्लिनिक में आयुर्वेदिक दवाओं की तुलना में कुछ एलोपैथिक दवाएं अधिक मिलीं। साथ ही वहां मेडिकल स्टोर भी संचालित मिला। इस संबंध में नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। मामले की जांच अभी जारी है।

धरने में डॉ. शैलेश श्रीवास्तव, डॉ. ओपी सिंह, डॉ. एसके यादव, डॉ. आरके शर्मा, डॉ. जे खान, डॉ. मनोज सिंह और डॉ. एमके सिंह समेत अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!