ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: सूरत में नहाते वक्त नदी में डूबा चंदौली का युवक, इकलौते बेटे के लापता होने से परिवार में मातम

चंदौली। क्षेत्र के कैली गांव निवासी 20 वर्षीय शिवशंकर श्रीवास्तव मंगलवार दोपहर दोस्तों के साथ नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गया। चप्पल को पानी में बहने से बचाने के प्रयास में वह गहराई में चला गया और देखते ही देखते नदी में समा गया। घटना के बाद से प्रशासन और गोताखोरों की टीम उसकी तलाश में जुटी है, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।

 

परिजनों के अनुसार शिवशंकर पिछले एक वर्ष से सूरत की एक कंपनी में काम कर रहा था। मंगलवार को करीब 12 बजे वह अपने दोस्तों के साथ कंपनी के पास स्थित नदी में नहाने गया था। नहाते समय अचानक उसकी चप्पल पानी में बहने लगी। उसे पकड़ने के लिए शिवशंकर आगे बढ़ा, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह अपना संतुलन खो बैठा और डूब गया।

 

शिवशंकर को डूबता देख साथ गए दोस्तों ने तत्काल घटना की जानकारी उसके चाचा को दी। चाचा ने सूरत प्रशासन को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिला। प्रशासन की टीम नदी के संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रही है।

 

इकलौते बेटे के लापता होने से परिवार में मातम

शिवशंकर अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र है। उसकी तीन बहनें हैं। वह सूरत में अपने चाचा के साथ रहकर कंपनी में नौकरी करता था। पिता संतोषलाल श्रीवास्तव पड़ाव स्थित एक टायर की दुकान पर काम करते हैं। घटना की जानकारी गांव और परिवार तक पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे के नदी में डूबने की खबर से माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन शिवशंकर के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

 

Back to top button
error: Content is protected !!