
चंदौली। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर चंदौली जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने चुनाव कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया छह अक्टूबर तक चलेगी। सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि प्रत्याशी नौ अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी।
10 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग
डीएम ने बताया कि चंदौली जिले में मतदान के लिए कुल 10 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा और निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का तत्काल भौतिक निरीक्षण करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी केंद्र पर कोई कमी सामने आती है तो उसे मतदान से पहले हर हाल में दूर करा लिया जाए, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं और मतदान कर्मियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कार्यों की लगातार निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, डीसी एनआरएलएम श्वेता सिंह और एआरटीओ सर्वेश गौतम मौजूद रहे। जिले के सभी उपजिलाधिकारी और संबंधित अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े। अधिकारियों को मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं के साथ सुरक्षा और अन्य निर्वाचन संबंधी तैयारियों को भी समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

