fbpx
ख़बरेंचंदौली

चंदौली : बाढ़ग्रस्त इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करते निकल गए सीएम, भाजपा नेताओं ने बांटी राहत सामग्री

चंदौली। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गाजीपुर से वाराणसी लौटते समय अपने उड़नखटोले से ही बाढ़ग्रस्त इलाके का हवाई सर्वेक्षण किया। वहीं राज्य सभा सदस्य दर्शना सिंह, विधायकों व भाजपा नेताओं ने बाढ़ पीड़ितों में राहत सामग्री बांटी। बाढ़ राहत शिविर में 50 लोगों में राहत सामग्री वितरित की गई। अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम घर-घर जाकर अन्य बाढ़ पीड़ितों में राहत सामग्री का वितरण करेगी।

 

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनपद आगमन प्रस्तावित था। वे बलुआ स्थित बाल्मीकि इंटर कालेज में बाढ़ पीड़ितों में राहत सामग्री वितरित करने जाने वाले थे। सीएम का कार्यक्रम अंतिम समय पर रद कर दिया गया। ऐसे में गाजीपुर के मोहम्मदाबाद में आयोजित कार्यक्रम से वापस लौटते समय उन्होंने हेलीकाप्टर से ही बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद वाराणसी निकल गए। उनके स्थान पर राज्य सभा सदस्य दर्शना सिंह, विधायक सुशील सिंह, रमेश जायसवाल, कैलाश खरवार समेत भाजपा नेताओं ने अधिकारियों के साथ बाढ़ राहत शिविर में सामग्री बांटी। 50 लोगों में राहत सामग्री बांटी गई। लोगों को 10 किलो चावल, आटा, दाल, तेल, नमक, मशाला, आलू दिया गया। अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम गांव-गांव जाकर बाढ़ पीड़ितों में राहत सामग्री का वितरण करेगी। भाजपा नेताओं ने सरकार की नीतियों व विकास कार्यों का बखान किया। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने बताया कि बारिश की वजह से सीएम का कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। सीएम का निर्देश प्राप्त हुआ है कि प्रभावित इलाके में नजर रखी जाए। लोगों के लिए भोजन सामग्री, दवाई व पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराया जाए। प्राकृतिक आपदा में कोई हताहत नहीं होना चाहिए। डीएम ने कहा कि सीएम के निर्देश का शत-प्रतिशत पालन किया जा रहा है। इस दौरान आईजी के सत्यनारायण, एसपी अंकुर अग्रवाल, सीडीओ अजितेंद्र नारायण, सीएमओ डा. वाईके राय, डीपीआऱओ ब्रह्मचारी दुबे, सीवीओ डा. एके वैश्य, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, सूर्यमुनी तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष सर्वेश कुशवाहा, अनिल सिंह, सुरेंद्र सिंह आदि रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!