fbpx
वाराणसी

Varanasi news: जानेमाने भोजपुरी सिंगर के साथ लिव इन में थीं आकांक्षा दुबे, मौत के एक दिन पहले अनजान युवक के साथ वापस लौटी थीं होटल

भोजपुरी एक्ट्रेस और मॉडल आकांक्षा दुबे की मौत के बाद से ही उनसे जुड़ी कई बातें सामने आ रही हैं, जो पुलिस को उनकी मौत के पीछे का कारण जानने में हेल्पफुल हो सकती हैं। आकांक्षा ने एक दिन पहले अपने सोशल मीडिया अकाउंट से लाइव किया था, जिसमें वो उदास और रो भी रही थीं। वीडियो काफी वायरल हो रहा। अब खबरें ये भी आ रही कि आकांक्षा एक जानेमाने भोजपुरी सिंगर के साथ लिव इन में थीं, और दोनों के बीच कुछ ठीक नहीं चल रहा था।

सिंगर के साथ ठीक नहीं चल रहा था रिलेशन
पुलिस के अनुसार, आकांक्षा भोजपुरी गायक के साथ वाराणसी के टकटकपुर में लिव इन रिलेशन में रहती थीं। सूत्रों के अनुसार, आकांक्षा गायक के व्यवहार से दुखी थीं। इसी वजह से वो डिप्रेशन में भी थीं। पुलिस जब भोजपुरी गायक के घर पहुंची तो वो वहां नहीं मिला। वहीं गायक ने अपने इंस्टा पोस्ट पर 18 घंटे पहले “निशब्द RIP #akankshadubey” पोस्ट किया है।

युवक छोड़ने आया था होटल
वहीं एक और बड़ी बात सामने आ रही है कि आकांक्षा को शनिवार रात होटल में वापस आते वक्त लड़खड़ाते हुए देखा गया था। उनके साथ एक लड़का भी था, जो उन्हें रूम तक छोड़ने गया था। आकांक्षा सारनाथ क्षेत्र स्थित होटल से एक बर्थडे पार्टी में जाने की बात कह कर कैब से निकली थीं। पुलिस उस कैब का भी पता लगा रही हैं, जिससे वो पार्टी में गई थीं।

पुलिस कर रही तलाश
जानकारी के अनुसार, होटल के महाप्रबंधक रीतेश कुमार मेहता ने बताया कि आकांक्षा जब होटल में आईं तो वह लड़खड़ा रहीं थीं। उनके साथ काले रंग की शर्ट पहने एक युवक था। युवक कुछ मिनटों तक आकांक्षा के कमरे में रुका, फिर चला गया। पुलिस उस युवक की तलाश में भी लगी है।

कॉल डीटेल खंगाल रही पुलिस
पुलिस को आकांक्षा के कमरे से उनका मोबाइल मिला है, जिसकी कॉल डिटेल खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ये जानने की कोशिश कर रही कि आकांक्षा की अखिरी बार किससे बात हुई थी, और वो किस पार्टी में गई थीं। कॉल डिटेल और उनके मोबाइल के डाटा आकांक्षा के मौत की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाएगी।

फैन्स और जानने वालों को आत्महत्या पर नहीं हो रहा यकीन
वहीं एक्ट्रेस को जानने वाले लोगों का कहना है कि आकांक्षा आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती। पूरे मामले की जांच गंभीरता से होनी चाहिए तभी आकांक्षा के मौत के पीछे के कारणों का पता चल सकेगा। बता दें, बीते 22 मार्च को वाराणसी में आकांक्षा दुबे की आने वाली फिल्म लायक हूं मैं नालायक नहीं हूं का मुहूर्त था। रविवार से ही आकांक्षा को इस फिल्म की शूटिंग शुरु करनी थी, पर रविवार की सुबह ही आकांक्षा की लाश वाराणसी के सारनाथ स्थित होटल के कमरे में फंदे से लटकती मिली।

बता दें, आकांक्षा दुबे 25 साल की थीं और बहुत ही कम समय में इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई थीं। आकांक्षा मूललरुप से भदोही की रहने वाली थीं और उत्तर प्रदेश की जानी मानी कलाकारों में उनकी गिनती होती थी। एक्ट्रेस तीन साल की उम्र में पेरेंट्स के साथ मुंबई शिफ्ट हुई थीं।

Back to top button
error: Content is protected !!