
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के सराय गांव में एक युवक से मारपीट कर पिस्टल के बल पर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। इस मामले में चर्चित विकास सिंह और अभिषेक सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित वैभव सिंह पुत्र संतोष सिंह निवासी ग्राम सराय ने बलुआ थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 19 मई 2026 की रात करीब 12 बजे दोनों आरोपियों ने फोन कर उसे बुलाया। वहां पहुंचते ही गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि दोनों उसे जबरन घर के अंदर खींच ले गए और कनपटी पर पिस्टल सटाकर धमकी दी कि अगले दिन उनके भाई को एक लाख रुपये पहुंचा देना, नहीं तो जान से हाथ धोना पड़ेगा।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। वैभव सिंह ने तहरीर में कहा है कि दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आपसी मारपीट के मामले में विकास सिंह और अभिषेक सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसकी जांच की जा रही है।

