
चंदौली। जिले के बसनी गांव स्थित ब्राह्मण बस्ती में मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। विकास के दावों के बीच यहां की एक प्रमुख गली में महीनों से जलभराव की स्थिति है। नाली निर्माण न होने के कारण घरों से निकलने वाला गंदा पानी गली में जमा हो गया है, जिससे लोगों का आवागमन तक मुश्किल हो गया है।
गली की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि ग्रामीणों को आने-जाने के लिए पानी के बीच पत्थर रखकर रास्ता बनाना पड़ रहा है। लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण वहां घास उग आई है और पूरे इलाके में बदबू फैल रही है। जलभराव के चलते मच्छरों का प्रकोप भी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय निवासी शिवाजी मिश्रा ने बताया कि कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्कूल जाना और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना बेहद कठिन हो गया है। बारिश के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी से मांग की है कि समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाए। लोगों ने गली में पक्की नाली और सीसी रोड निर्माण कराने की मांग उठाई है, ताकि उन्हें जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत मिल सके।

