
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मथेला नहर में सोमवार को सगे भाई-बहन की डूबने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर उपजिलाधिकारी सकलडीहा आकांक्षा सिंह और बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी ली।
मथेला नहर के पास नीम के पेड़ पर झूला पड़ा था। पढ़ाई के बाद 9 वर्षीय क्षितिज कुशवाहा पुत्र गोविंद कुशवाहा और उसकी 4 वर्षीय बहन साक्षी देवी झूला झूल रहे थे। इसी दौरान अचानक दोनों नहर में गिर गए और पानी में डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों काफी दूर निकल गए।
काफी मशक्कत के बाद दोनों को नहर से बाहर निकाला गया और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। क्षितिज कक्षा चार का छात्र था, जबकि साक्षी आंगनवाड़ी केंद्र जाती थी।
हादसे की सूचना मिलते ही मां गौरा की हालत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं दादा दुलारे और दादी कुसुम भी सदमे में बेसुध हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

