fbpx
क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

चंदौली: पुलिस से नोकझोंक के बाद युवकों ने फूंक दिया वाहन, टीम पर पथराव, पुलिसकर्मियों ने घरों में घुसकर बचाई जान, आईजी मौके पर

चंदौली। अलीनगर थाना अंतर्गत मुस्तफापुर गांव में रविवार को गश्त पर निकली पुलिस टीम से क्रिकेट खेलकर लौट रहे युवकों से विवाद हो गया। पुलिसकर्मियों ने सख्ती दिखाई तो युवक आक्रोशित हो उठे। पुलिस का प्राइवेट चार पहिया वाहन फूंक दिया और टीम पर पथराव शुरू कर दिया। अलीनगर थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने घरों में घुसकर जान बचाई। जानकारी होते ही अन्य थानों की पुलिस और एसपी अंकुर अग्रवाल भी मौके पर पहुंच गए। आईजी भी घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ले रहे हैं। आधा दर्जन युवकों को हिरासत में लिया गया है। तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। मुस्तफापुर गांव में 25 से 30 की संख्या में युवक क्रिकेट खेलकर वापस लौट रहे थे। गश्त कर रही अलीनगर और मुगलसराय पुलिस युवकों को एक जगह एकत्रित नहीं होने व किसी भी तरह की  अराजकता नहीं करने की हिदायत दी। इसे लेकर युवकों का पुलिस से विवाद हो गया। इसी दौरान कुछ युवकों ने पुलिस के वाहन पर पत्थर फेंका, जिसके बाद कुछ पुलिसकर्मियों ने युवकों पर डंडा भांज दिया। इसके बाद युवक आक्रोशित हो उठे और पुलिस से भिड़ गए। पुलिस टीम के साथ गश्त में चल रहे एक प्राइवेट वाहन को पलट दिया और उसे आग के हवाले कर दिया। एसएचओ मुगलसराय के वाहन पर पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया। युवकों का आक्रोश देख पुलिसकर्मियों के हाथ पांव फूल गए। गांव में भागे और घरों में घुसकर जान बचाई। सूचना के बाद अन्य थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद उपद्रवी युवक भाग खड़े हुए। एसपी अंकुर अग्रवाल ने घटना स्थल का जायजा लिया। कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है। आईजी भी मुस्तफापुर पहुंच गए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!