चंदौलीप्रशासन एवं पुलिसराज्य/जिला

सुभाष नगर तालाब की जमीन खाली कराने को लेकर प्रशासन सख्त: एसडीएम ने खुद कराई पैमाइश, बोले गुमराह कर जमीन बेचने वालों पर भी होगी कार्रवाई

चंदौली। मुगलसराय के बेचूपुर सुभाष नगर स्थित तालाब की भूमि की पैमाइश का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। रविवार को उपजिलाधिकारी राजीव सक्सेना स्वयं मौके पर पहुंचे और पैमाइश कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि तालाब की सरकारी भूमि को हर हाल में अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा तथा लोगों को गुमराह कर तालाब की जमीन बेचने वाले प्लाटरों और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्थानीय लोगों की आपत्तियां भी सुनीं और उनकी जांच कर नियमानुसार निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा किया है तो उसे हटाया जाएगा। कार्रवाई के प्रथम चरण में तालाब की खाली भूमि को प्रशासन अपने कब्जे में लेगा, जबकि कब्जाधारकों को अतिक्रमण हटाने के लिए पर्याप्त अवसर दिया जाएगा।

एसडीएम राजीव सक्सेना ने बताया कि प्रशासन केवल कब्जाधारकों पर ही कार्रवाई नहीं करेगा, बल्कि उन प्लाटरों और व्यक्तियों को भी चिन्हित किया जाएगा जिन्होंने तथ्यों को छिपाकर या लोगों को गुमराह कर तालाब की भूमि की खरीद-बिक्री कराई है। ऐसे सभी लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!