क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

पैसों के लेनदेन के विवाद में चली गोली, दो पक्षों में मारपीट के बाद फायरिंग से मची अफरा-तफरी

चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र स्थित रमरजाय चट्टी पर रविवार को पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते लाठी-डंडों की मारपीट में बदल गया। इसी दौरान एक व्यक्ति ने असलहे से फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि गोली किसी को नहीं लगी।

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और दोनों पक्षों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद डबरिया गांव निवासी अखिलेश सिंह उर्फ लाखन सिंह और धीना थाना क्षेत्र के महुरा गांव निवासी कलाधर सिंह उर्फ लालबहादुर सिंह के बीच ब्याज पर दिए गए पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ था। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया और इसी दौरान फायरिंग की घटना हुई।

घटना की सूचना मिलते ही सकलडीहा क्षेत्राधिकारी (सीओ) कृष्ण मुरारी शर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कराई। पास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक व्यक्ति दूसरे पर असलहे की बट (मुठिया) से हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर घटना की जांच कर रही है।

मारपीट में घायल कलाधर सिंह उर्फ लालबहादुर सिंह का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!