क्राइमख़बरें

Chandauli News: संदिग्ध हालात में 5 वर्षीय मासूम की मौत, हत्या की आशंका से सनसनी

चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के करजरा गांव में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक 5 वर्षीय बालक की मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

करजरा गांव निवासी कृष्णा सिंह का पांच वर्षीय पुत्र कार्तिक सिंह रविवार सुबह करीब 10 बजे गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। करीब दो घंटे बाद जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई।

खोजबीन के दौरान परिजन विद्यालय परिसर पहुंचे, जहां कार्तिक अचेत अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे तत्काल घर लेकर आए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां कंचन देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

बताया जाता है कि मृतक के पिता कृष्णा सिंह बेंगलुरु में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। परिवार में मां कंचन देवी, दो बेटियां नीति सिंह (14 वर्ष), रोशनी सिंह (12 वर्ष) और पुत्र कार्तिक रहते थे।

परिजनों ने बच्चे की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि मौत के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों के संबंध में कोई स्पष्ट निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी। मामले की जांच शुरू कर दी है।

Back to top button
error: Content is protected !!