चंदौलीराज्य/जिला

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों का सम्मान, चंदौली प्रेस क्लब ने गोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए यादगार बनाई शाम

 

चंदौली। पीडीडीयू नगर का होटल गुलमोहर एक अविस्मरणीय आयोजन का साक्षी बना। मौका था हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर चंदौली प्रेस क्लब के की ओर से आयोजित गोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रम का। शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद जिले के हिंदी भाषी पत्रकारों का सम्मान किया गया। अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। बीजेपी विधायकों की मौजूदगी में पत्रकार भवन निर्माण को लेकर निर्णायक सहमति बनी।

सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने कहा कि पत्रकार अपनी भाषा और अभिव्यक्ति के माध्यम से जनता, शासन और प्रशासन के बीच संवाद स्थापित करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार अपने संघर्ष और मेहनत के बल पर समाज की आवाज बनते हैं तथा उनकी बातों को सरकार भी गंभीरता से सुनती है।

मुख्य अतिथि मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं, विसंगतियों और कुरीतियों को अपनी लेखनी के माध्यम से उजागर करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार शासन-प्रशासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं तथा जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में अब तक पत्रकारों के लिए स्थायी प्रेस क्लब भवन का निर्माण नहीं हो सका है। इसके लिए वह जिला प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री स्तर तक प्रयास करेंगे, ताकि पत्रकारों को अपना भवन उपलब्ध हो सके।

वरिष्ठ पत्रकार यादवेश कुमार ने कहा कि पत्रकारिता का स्वरूप समय के साथ काफी बदल चुका है। वर्तमान दौर में पत्रकारिता चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरी हो गई है, फिर भी पत्रकार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और साहस के साथ कर रहे हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. केएन पांडेय और सूर्यमुनि तिवारी और वाराणसी विकास प्राधिकरण सदस्य अम्बरीश सिंह भोला ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के दौरान जिले के अनेक पत्रकारों और गणमान्य व्यक्तियों मसलन अभिषेक तुलस्यान, रतनदीप ज्वेलर्स के मंजीत सिंह, रिंकू सिंह, सतीश जिंदल, डैडीज इंटरनेशनल स्कूल के प्रिंसिपल अजय श्रीवास्तव, समाजसेवी अंकित सिंह आदि उपस्थित रहे। सभी को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में संस्थापक अध्यक्ष राम अवतार तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल यादव, जिला अध्यक्ष अमित द्विवेदी, संरक्षक संदीप कुमार, महामंत्री चंचल यादव, उपाध्यक्ष जय तिवारी, रंधा सिंह, निजाम बाबू, मृत्युंजय तिवारी, शाकिर अंसारी, शिवपूजन तिवारी, हरिशंकर सिंह, मुरलीधर गुप्ता, सुनील कुमार यादव, शशि प्रकाश मिश्रा, बाबू चौहान, सूरज सिंह आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कवि दमदार बनारसी ने किया।

Back to top button
error: Content is protected !!