ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली के नए आबकारी अधिकारी होंगे घनश्याम मिश्रा, धर्मेंद्र कुमार सिंह प्रभारी डीआईओएस

चंदौली। शासन की स्थानांतरण नीति के तहत जिले के जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला आबकारी अधिकारी का स्थानांतरण कर दिया गया है। घनश्याम मिश्रा अब जिले के नए आबकारी अधिकारी और धर्मेंद्र कुमार सिंह नए प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक होंगे। शासन स्तर से तत्काल नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

धर्मेंद्र कुमार सिंह माध्यमिक शिक्षा विभाग में वैयक्तिक सहायक (राजपत्रित) निदेशक के पद पर कार्यरत थे। शासन के आदेश के बाद अब उन्हें चंदौली जिले की माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में जिले के विद्यालयों के प्रशासनिक कार्यों, शैक्षणिक गतिविधियों और विभागीय योजनाओं के संचालन की कमान होगी। वहीं सहायक आबकारी आयुक्त श्रावस्ती रहे घनश्याम मिश्रा को जिले का आबकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 

शासन ने स्थानांतरण आदेशों के साथ कड़े दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि स्थानांतरित अधिकारी अपने प्रतिस्थानी की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। साथ ही उन्हें कार्यभार ग्रहण करने के लिए किसी प्रकार का अवकाश भी स्वीकृत नहीं किया जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!