
संवाददाता : बाबू चौहान
चंदौली। इलिया थाना क्षेत्र के कवलपुरवा गांव में शनिवार को 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दाह संस्कार के लिए शव ले जाने की तैयारी के दौरान मृतका के भाई ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मधु की शादी करीब 10 वर्ष पहले कवलपुरवा गांव निवासी धर्मेंद्र द्विवेदी से हुई थी। वह मूल रूप से बस्ती जनपद की रहने वाली थीं। उनके दो पुत्र अयान दुबे (8) और एयांश दुबे (5) हैं।
बताया गया कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे मधु की मौत की सूचना इलिया पुलिस को मिली। उस समय परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान मृतका के भाई प्रशांत पाठक ने पुलिस को सूचना दी।
थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

