
गोविन्दीपुर राजवाहा के दुन्नू छलका के पास मिला शव, पालपुर गांव की निवासी थी महिला; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
संवाददाता: बाबू चौहान चंदौली। शहाबगंज क्षेत्र में गोविन्दीपुर राजवाहा के दुन्नू स्थित छलका के पास रविवार को एक बुजुर्ग महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव देख ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
शुरुआत में महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में पुलिस ने उसकी शिनाख्त पालपुर गांव निवासी महिला के रूप में की। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि पानी के बहाव के साथ बहकर शव छलका के पास पहुंचा होगा। हालांकि, महिला की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि गोविन्दीपुर राजवाहा के छलका के पास बुजुर्ग महिला का शव मिला था। उसकी पहचान पालपुर गांव निवासी महिला के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

