
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा पहली बार जुड़वा सकेंगे मतदाता सूची में नाम, डीसीसी के टोल फ्री नंबर 05412-1950 पर मिलेगी निर्वाचन संबंधी सहायता
चंदौली। मतदाता सूची में नए नाम दर्ज कराने और निर्वाचन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए अब लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिला प्रशासन ने मतदाताओं की सुविधा के लिए डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर (डीसीसी) को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। इसके माध्यम से नागरिक घर बैठे फोन पर निर्वाचन संबंधी जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकेंगे। केंद्र का संचालन प्रतिदिन सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक किया जा रहा है। इसके लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 05412-1950 जारी किया गया है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश और जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार के आदेश पर यह व्यवस्था शुरू की गई है। इसका प्रमुख उद्देश्य अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम पहली बार मतदाता सूची में दर्ज कराने के साथ ही आम नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराना है।
जिला प्रशासन के अनुसार, हेल्पलाइन के माध्यम से युवा मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा विधानसभा की मतदाता सूची में अपना नाम खोजने, मतदाता पहचान पत्र में दर्ज विवरण में संशोधन कराने और मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) से जुड़ी समस्याओं के समाधान के संबंध में भी सहायता मिलेगी।
इसके साथ ही मतदाता अपने मतदान केंद्र की जानकारी, संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) का विवरण और भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के बारे में भी जानकारी हासिल कर सकेंगे। हेल्पलाइन पर संपर्क कर निर्वाचन से संबंधित विभिन्न शंकाओं का समाधान कराया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने जनपद के सभी पात्र युवाओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक बनें। जिन युवाओं की आयु एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे पहली बार मतदाता बनने की प्रक्रिया की जानकारी लें। निर्वाचन संबंधी किसी भी समस्या या जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 05412-1950 पर सुबह आठ से रात आठ बजे के बीच संपर्क कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

