ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: किसान तीन दिन में ले जाएं रबी फसलों का बीज, वरना निरस्त होगा चयन

चंदौली। रबी अभियान के तहत राजकीय कृषि बीज गोदामों से बीज वितरण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके बावजूद ऑनलाइन बुकिंग, ई-लॉटरी और ऑटो-कन्फर्म के माध्यम से चयनित कई किसान अब तक अपना बीज लेने नहीं पहुंचे हैं। ऐसे किसानों को जिला कृषि विभाग ने तीन दिन का अंतिम अवसर दिया है। निर्धारित समय में बीज का उठान नहीं करने पर उनका चयन निरस्त कर दिया जाएगा। इसके बाद प्रतीक्षारत और नए किसानों को बुकिंग के माध्यम से बीज उपलब्ध कराया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने चयनित किसानों से तत्काल संबंधित राजकीय बीज गोदाम पहुंचकर बीज प्राप्त करने की अपील की है।

 

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि कृषि विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से अक्टूबर से शुरू रबी अभियान के तहत जनपद के लिए विभिन्न फसलों के बीज का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसमें गेहूं की चार प्रजातियों DBW-327, DBW-303, DBW-222 और DBW-187 के कुल 9849 कुंतल बीज आवंटित किए गए थे। इसी तरह चना की RVG-204 और BG-3062 प्रजातियों के 246.08 कुंतल, मटर की HFP-1428 प्रजाति के पांच कुंतल, मसूर की L-4729 प्रजाति के 116.96 कुंतल तथा सरसों की गिरिराज प्रजाति के छह कुंतल बीज की बुकिंग कराई गई थी। किसानों की ओर से इन सभी फसलों के लिए शत-प्रतिशत बुकिंग की गई थी।

 

विभाग के अनुसार, 26 नवंबर तक गेहूं के 9624 कुंतल के सापेक्ष 5800 कुंतल बीज का वितरण किया जा चुका है। वहीं चना के 246.08 कुंतल, मटर के पांच कुंतल और सरसों के छह कुंतल बीज का शत-प्रतिशत वितरण हो चुका है। मसूर के 116.96 कुंतल आवंटित बीज में से 109 कुंतल का वितरण किया गया है। वर्तमान में गेहूं के 3824 कुंतल बीज का वितरण शेष है, जिसकी प्रक्रिया तेजी से चल रही है।

 

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि बड़ी संख्या में ऐसे किसान भी बीज लेने के लिए गोदाम पहुंच रहे हैं, जिनकी बुकिंग नहीं हुई है। चयनित किसानों को विभागीय कर्मचारियों की ओर से फोन के माध्यम से सूचना देने के साथ पूर्व में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भी अवगत कराया गया था। इसके बावजूद कुछ किसान बीज प्राप्त नहीं कर रहे हैं।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन बुकिंग, ई-लॉटरी अथवा ऑटो-कन्फर्म के माध्यम से चयनित सभी किसान तीन दिन के भीतर अपने संबंधित राजकीय बीज गोदाम से बीज का उठान सुनिश्चित करें। अन्यथा उनका चयन निरस्त कर प्रतीक्षारत एवं नए किसानों को बीज वितरण का अवसर दिया जाएगा। निर्धारित अवधि में बीज नहीं लेने की जिम्मेदारी संबंधित किसान की होगी।

Back to top button
error: Content is protected !!