ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ससुराल पक्ष के दावे पर मायके वालों ने उठाया सवाल फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के पौनी गांव में बुधवार देर रात 33 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष की ओर से इसे पंखे से लटककर आत्महत्या किए जाने का मामला बताया जा रहा है, जबकि मायके पक्ष ने घटना को संदिग्ध बताते हुए कई सवाल उठाए हैं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

 

जानकारी के अनुसार, सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के खोर गांव निवासी डॉ. रामदास राजभर की सबसे छोटी बेटी कविता राजभर (33) की शादी वर्ष 2013 में पौनी गांव निवासी बद्री राजभर के पुत्र सुरजीत राय के साथ हुई थी। दंपती के दो बेटे आदित्य (12) और कार्तिक (8) हैं। बुधवार देर रात कविता की मौत की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। उनकी सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

 

मायके पक्ष ने ससुराल वालों के रवैये पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि घटना के बाद उन्हें तत्काल सूचना नहीं दी गई। परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष के लोग घटना को लेकर स्पष्ट जानकारी देने के बजाय इधर-उधर की बातें कर रहे थे। उन्होंने उस साड़ी को लेकर भी संदेह जताया, जिससे कविता के फंदे पर लटककर आत्महत्या करने की बात कही जा रही है। परिजनों के मुताबिक, घटना में इस्तेमाल बताई जा रही साड़ी कविता ने स्वयं पहन रखी थी।

 

मायके वालों ने कमरे में लगे पंखे और बेड की ऊंचाई के अंतर को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि दोनों के बीच अधिक दूरी नहीं है। ऐसे में घटना की परिस्थितियों की गहनता से जांच होनी चाहिए। परिजनों ने यह भी सवाल किया कि यदि कविता पंखे से लटकी मिली थीं तो उन्हें किसने और किन परिस्थितियों में नीचे उतारा तथा इसकी सूचना तत्काल मायके पक्ष और पुलिस को क्यों नहीं दी गई।

 

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। मौत के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मायके पक्ष से तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!