fbpx
चंदौलीराज्य/जिलाविधान सभा चुनाव

पानी की तरह पैसा बहाकर भी हारे सूर्यमुनी, नौ लाख में ही विधायक बन गए प्रभुनारायण, जानिए किस विधायक ने किया कितना खर्च

 

चंदौली। चुनाव में धनबल का जोर चलता है। प्रत्याशियों ने मतदाताओं की खिदमत में अपना खजाना खोल दिया था। सकलडीहा से भाजपा के टिकट पर ताल ठोक रहे सूर्यमुनी तिवारी ने 20 लाख से अधिक खर्च किया। इसके बावजूद हार गए, जबकि उनके प्रतिद्वंदी प्रभुनारायण नौ लाख खर्च कर विधायक बन गए। प्रत्याशियों ने व्यय प्रेक्षक के समक्ष चुनाव खर्च का विवरण प्रस्तुत किया था।

सूर्यमुनी ने व्यय प्रेक्षक के समक्ष प्रस्तुत किए गए विवरण के अनुसार 20 लाख 40 हजार रुपये खर्च किए थे। हालांकि जनता का उतना समर्थन हासिल नहीं कर पाए कि सपा के गढ़ में कमल खिला सकें। वहीं सपा प्रत्याशी प्रभुनारायण सिंह यादव उनसे आधी धनराशि खर्च कर भी चुनाव जीत गए। प्रभुनारायण ने 9.22 लाख चुनाव खर्च दिखाया है। सूर्यमुनी ने चुनाव खर्च के मामले में कंजूसी नहीं दिखाई। शुरू से ही दिल खोलकर खर्च किया। तीसरे चरण के व्यय लेखा परीक्षण तक वे 14 लाख से अधिक खर्च कर चुके थे। इसके बावजूद चुनाव में कामयाबी नहीं मिल सकी। इसका मलाल प्रत्याशी के साथ ही उनके समर्थकों में साफ तौर पर देखा जा सकता है।

जानिए कितना-कितना खर्च कर बने विधायक
चकिया से चुनाव जीतकर विधायक बने भाजपा प्रत्याशी कैलाश खरवार ने 11.71 लाख रुपये खर्च दिखाया है। इसी तरह मुगलसराय से विधायक बनने के लिए रमेश जायसवाल को 13.70 लाख खर्च करने पड़े। वहीं भाजपा के सुशील 20 लाख से अधिक खर्च कर दोबारा सैयदराजा से विधायक चुने गए।

निर्दलीय रामअवध का महज पांच हजार चुनावी खर्च
चकिया से निर्दलीय प्रत्याशी रामअवध खरवार का चुनावी खर्च महज पांच हजार रहा। उन्होंने पूरे चुनाव में महज इतनी ही धनराशि खर्च की। इसी प्रकार मुगलसराय के निर्दलीय विकेश कुमार ने 10 हजार तो सैयदराजा से निर्दलीय रवींद्र कुमार ने लगभग 15 हजार खर्च किया।

Back to top button
error: Content is protected !!