
चंदौली। मुगलसराय में सड़क चौड़ीकरण के तहत जीटी रोड स्थित प्राचीन काली माता मंदिर के ध्वस्तीकरण के दौरान हुए हादसे में पीडब्ल्यूडी के संविदाकर्मी की मौत हो गई। शुक्रवार देर रात जेसीबी से मंदिर गिराने के दौरान गुंबद की चपेट में आने से डांडी निवासी 58 वर्षीय बलदेव यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
बताया जा रहा है कि बलदेव यादव लोक निर्माण विभाग में संविदा पर कार्यरत थे और सड़क निर्माण कार्य में लगे थे। मंदिर ध्वस्तीकरण के समय गुंबद अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से वह मलबे में दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मुगलसराय स्टेशन के सामने स्थित इस प्राचीन मंदिर को सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत हटाया गया है। लोक निर्माण विभाग की ओर से सुभाष पार्क के पास नया मंदिर बनवाकर वहां मां काली की प्रतिमा स्थापित कर दी गई है।
हादसे के बाद सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर ध्वस्तीकरण के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

