
चंदौली। जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह कर्मनाशा नदी में डूबने से 36 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना सपही जंगल के पास हुई, जहां खेत देखने गए युवक के नदी में लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। करीब एक घंटे तक चले संयुक्त खोज अभियान के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।
मृतक की पहचान जसवंत उर्फ गुड्डू (36) पुत्र नथुनी, निवासी ग्राम केराडीह, थाना शहाबगंज के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में वृद्ध पिता और बड़ा भाई हैं। जसवंत परिवार के सबसे छोटे सदस्य थे और उनकी असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार सुबह जसवंत अपने खेत की देखरेख के लिए सपही जंगल के समीप कर्मनाशा नदी की ओर गए थे। खेत देखने के बाद वह नदी में मछली पकड़ने लगे। इसी दौरान वह अनजाने में नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए। तेज बहाव के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते वह पानी में डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी की तेज धारा के कारण वह कुछ ही क्षणों में आंखों से ओझल हो गए।
घटना के बाद हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे एकत्र हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से नदी में तलाश अभियान शुरू कराया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोग भी शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते नजर आए। घटना से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। चकिया कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

