
चंदौली। आजाद अधिकार सेना के वाराणसी मंडल अध्यक्ष और मुगलसराय विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी घोषित किए गए सुरेश सेठ को एसटीएफ आजमगढ़ ने उठा लिया है। आरोप है कि पुलिस उनकी दुकान से अचानक उठाकर अज्ञात स्थान पर ले गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व आईजी अमिताभ ठाकुर के अनुसार, सुरेश सेठ ने फोन पर बताया था कि कुछ पुलिसकर्मी उनकी दुकान पर पहुंचे और उन्हें अपने साथ ले गए।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने स्वयं को आजमगढ़ जिले की एसटीएफ से बताया था। ठाकुर के मुताबिक, सुरेश सेठ को ले जाने से पहले उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर दिया गया। उन्होंने दावा किया कि मौके पर पुलिस द्वारा किसी विधिक प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।
अमिताभ ठाकुर ने बताया कि मामले को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में अलग से शिकायत भेजी गई है। वहीं, आजाद अधिकार सेना ने अपने स्तर से कार्रवाई शुरू करते हुए सुरेश सेठ की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही है।

