चंदौलीराज्य/जिला

नहर में उतराया मिला नवजात का शव, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के पचफेड़वा स्थित नहर में गुरुवार को नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नहर में शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नवजात के शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया।

हल्का प्रभारी योगेंद्र यादव ने बताया कि नवजात का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात का शव नहर में कैसे पहुंचा।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। नवजात को नहर में फेंके जाने की आशंका समेत घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!