
चंदौली। सकलडीहा तहसील क्षेत्र में तैनात पूर्ति निरीक्षक की ओर से पत्रकार धनंजय ओझा के खिलाफ लगाए गए आरोप और दर्ज मुकदमे को लेकर पत्रकारों में नाराजगी है। मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर धनंजय ओझा के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने चंदौली डीएम और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से पत्रकारों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच कराने की मांग की। कहा कि पत्रकार धनंजय ओझा एक समाचार के संबंध में जानकारी करने पूर्ति निरीक्षक कार्यालय गए थे। पूर्ति निरीक्षक निरीक्षक पहले तो बेवजह उलझ गईं बाद में मुकदमा भी दर्ज करा दिया। ऐसे में मामले की वास्तविकता सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
इस दौरान निष्पक्ष धारा के वाराणसी मंडल ब्यूरो चंद्रभान सिंह, जौनपुर ब्यूरो विद्याभूषण सिंह, बलिया ब्यूरो डी. प्रसाद, देवरिया ब्यूरो ओमप्रकाश विश्वकर्मा, आजमगढ़ ब्यूरो वेदप्रकाश मौर्या सहित कई पत्रकार मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।

