
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 स्थित जीवनाथपुर बिजली उपकेंद्र के पास मंगलवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शहाबगंज थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी चंद्रशेखर सिंह का पुत्र पुष्पेश मौर्य शहाबगंज में निजी बीज एवं कीटनाशक की दुकान चलाता था। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे वह बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान जीवनाथपुर बिजली उपकेंद्र के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक युवक और उसकी बाइक को करीब 30 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। गंभीर रूप से कुचले जाने के कारण पुष्पेश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही औद्योगिक नगर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी कब्जे में लेकर चौकी ले जाया गया है।
पुष्पेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी अंजली और इकलौती बेटी आनवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार पुष्पेश परिवार की जिम्मेदारियां संभालने के साथ अपनी दुकान भी चलाता था।
औद्योगिक नगर पुलिस चौकी प्रभारी सूरज रावत ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

