
चंदौली। पीडीडीयू नगर के सुभाष नगर में शुक्रवार रात 19 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की शिनाख्त खुशी सिंह पुत्री बबलू सिंह निवासी सिकटिया के रूप में हुई है। वह सुभाष नगर में सभासद आरती यादव के मकान में परिवार के साथ किराए पर रहती थी। कुछ दिन पहले घरवालों को बिना बताए दोस्तों के साथ दार्जिलिंग घूमने चली गई। वापस लौटने के बाद परिजनों ने डांट फटकार लगाई जिससे क्षुब्ध होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
जानकारी के अनुसार, खुशी कुछ दिन पहले अपने दोस्तों के साथ घरवालों को बिना बताए दार्जिलिंग घूमने गई थी। पिता ने कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। एक सप्ताह के बाद खुशी वापस लौटी तो उसके पिता और बहन ने उसे अकेले घूमने-फिरने को लेकर समझाया था। परिजनों ने सामाजिक बदनामी का हवाला भी दिया। खुशी ने पिता से माफी मांगी और दोबारा गलती नहीं करने का भरोसा दिलाया। शुक्रवार को खुशी ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से उतारा गया और अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता डीडीयू स्टेशन स्थित स्टैंड पर वाहन चलाने का कार्य करते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

