fbpx
चंदौलीराजनीति

पतियों के हाथों की कठपुतली न बनें महिलाएं, स्वयं दायित्वों का करें निर्वहन, भाजपा महिला मोर्चा के प्रशिक्षण में वक्ताओं ने पढ़ाया आत्मनिर्भरता का पाठ

चंदौली। भाजपा महिला मोर्चा का प्रशिक्षण जिलाध्यक्ष सुषमा जायसवाल के नेतृत्व में हुआ। मुख्य अतिथि महिला मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मेनका चौरसिया, विशिष्ट अतिथियों मेनका सिंह, रुद्रा पांडेय, गीता रानी गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता आदि दीप प्रज्ज्वलन व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। श्यामा प्रसाद मुखर्जी व दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किया। इसमें वक्ताओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भरता का पाठ पढ़ाया। उन्हें पतियों व पुरुषों के हाथों की कठपुतली बनने की बजाए स्वयं जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया गया।

 

 

प्रथम सत्र में वक्ता मेनका चौरसिया ने राजनीति में महिलाओं के लिए व्यक्तिगत और राजनीतिक चुनौतियां विषय पर प्रकाश डाला। कहा कि महिलाओं को इन चुनौतियों का सामना करते हुए खुद को एक मजबूत स्तम्भ के रूप में स्थापित करना होगा। द्वितीय सत्र में क्षेत्रीय मंत्री मेनका सिंह ने भारतीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए आह्वान किया। कहा कि सक्रिय राजनीति और दायित्वों में स्वयं भागीदारी करें। किसी दूसरे के हाथों की कठपुतली या पति के मुखौटे के रूप में काम न करें। उन्होंने आह्वान किया कि स्वप्रेरित और स्वत स्फूर्त होकर और मजबूती के साथ आगे आकर अधिक से अधिक महिलाओं को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करें। सत्र की अध्यक्षता सुनिता मिश्रा, क्षेत्रीय कार्यालय प्रभारी ने किया। तृतीय सत्र में महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य व जिला प्रभारी रुद्रा पांडेय ने पार्टी के इतिहास व विकास पर प्रकाश डाला। संगठन के प्रति निष्ठा और राष्ट्रवाद के लिए प्रेरित किया। इस सत्र की अध्यक्षता जिला महामंत्री पूजा यादव ने किया। चतुर्थ सत्र की वक्ता प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य गीता रानी गुप्ता ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां विषय पर प्रकाश डालते हुए नए भारत के निर्माण और इसके तीव्र विकास के लिए विभन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर प्रकाश डाला। संचालन महिला मोर्चा की जिला महामंत्री प्रियंका तिवारी ने किया।

Back to top button
error: Content is protected !!