ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: ओनावल गांव में आधी रात को घर में घुसे चोर, नकदी-जेवरात समेटकर ले गए, घटना से आक्रोश

चंदौली। सकलडीहा थाना क्षेत्र के ओनावल गांव में चोरों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक घर को निशाना बनाया। मंगलवार की देर रात करीब दो बजे अज्ञात चोरों ने विकास यादव के घर में घुसकर करीब 70 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर घर में रखे बक्सों को उठाकर धान के खेत में फेंककर फरार हो गए। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया।

 

पीड़ित विकास यादव के अनुसार, रात में परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर में दाखिल हुए और कमरों में रखे सामान को खंगालना शुरू कर दिया। चोरों ने घर में रखे करीब 70 हजार रुपये नकद, सोने की सिकड़ी, अंगूठी समेत उनकी पत्नी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए। इसके अलावा उनकी मां और पत्नी के सामान से भरे बक्सों को भी घर से उठाकर बाहर धान के खेत में फेंक दिया। चोरों ने बक्सों में रखे सामान को खंगालने के बाद कीमती वस्तुएं अपने साथ ले गए।

 

सुबह जब परिजनों की नजर घर के बिखरे सामान और गायब बक्सों पर पड़ी तो चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास तलाश की, जहां धान के खेत में बक्से पड़े मिले। घटना की सूचना तत्काल सकलडीहा पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने चोरी की वारदात के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

 

गांव में हुई इस वारदात के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार करना चाहिए।

Back to top button
error: Content is protected !!