
चंदौली। चहनिया चौराहा स्थित एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में कूड़े में लगाई गई आग के कारण हजारों रुपये का सामान जलकर खराब हो गया। मकान के पीछे कूड़े में लगाई गई आग की लपटें धीरे-धीरे फैलते हुए दुकान तक पहुंच गईं। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
दुकान संचालक राजू सिंह ने बताया कि उनके मकान के पीछे किसी व्यक्ति ने लापरवाहीपूर्वक कूड़े में आग लगा दी थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया और उसकी लपटें दुकान तक पहुंच गईं। इससे दुकान में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर खराब हो गया। आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के प्रयास से किसी तरह आग पर काबू पाया गया।
राजू सिंह ने बताया कि समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे दुकान को पूरी तरह जलने से बचा लिया गया। उन्होंने आशंका जताई कि यदि यही घटना रात के समय हुई होती तो आग पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले सकती थी और भारी नुकसान हो सकता था।
घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में कूड़ा जलाने की लापरवाही को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि खुले में कूड़ा जलाने से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों और रिहायशी इलाकों के आसपास कूड़ा जलाने पर रोक लगाने के लिए प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

