
चंदौली। किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और कृषि कार्यों को सुचारु बनाने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस एवं सिंचाई बन्धु की बैठक आयोजित की गई। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई की अध्यक्षता में हुई बैठक में किसानों ने नहरों की सफाई, फसल बीमा, मुआवजा, भूमि अधिग्रहण और खाद की उपलब्धता सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इस पर सीडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश दिया।
बैठक में प्रगतिशील किसान रतन सिंह, बलदाऊ सिंह, मुन्ना सिंह और पारसनाथ विश्वकर्मा ने किसानों की समस्याएं प्रमुखता से रखीं। किसानों ने जनपद की सभी नहरों और ड्रेनों की सिल्ट सफाई कराने तथा बंधियों में मत्स्य पालन के नाम पर किए जा रहे अतिक्रमण पर कार्रवाई की मांग की। विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहित होने वाली भूमि का उचित सर्किल रेट देने का मुद्दा भी उठाया गया।

इसके अलावा बाढ़ से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा, जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई और फसल बीमा योजना के तहत किसानों को आ रही दिक्कतों पर चर्चा हुई। किसानों ने शिकायत की कि फसल बीमा के टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क करने के बावजूद समाधान नहीं मिल रहा है। शहाबगंज विकासखंड में तहसील कर्मियों द्वारा सर्वे नहीं किए जाने का मामला भी उठाया गया।
धान खरीद में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए क्रय केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, रबी फसलों के लिए पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराने तथा बिजली करंट से मृत्यु होने पर मिलने वाले मुआवजे की प्रक्रिया को लेकर भी किसानों ने अपनी बात रखी।
सीडीओ आर. जगत साई ने सभी धान क्रय केंद्रों पर निगरानी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग के सभी अधिशासी अभियंताओं को नहरों की रीमॉडेलिंग के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने बताया कि नीति आयोग के तहत पशुपालन विभाग को दो अल्ट्रासाउंड मशीन और कृषि विभाग को तीन डीएसआर मशीन उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा।
सीडीओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि मौके पर जाकर किसानों की समस्याओं का समाधान करें। अगली बैठक में सभी अधिकारी कार्रवाई की रिपोर्ट के साथ उपस्थित होंगे।

