fbpx
ख़बरेंचंदौलीराज्य/जिला

फेरे लेते रही पत्नी दूर खड़ा देखता रहा पहला पति, चंदौली में पुलिस पर जबरन शादी कराने का आरोप

चंदौली। अलीनगर थाना परिसर में बुधवार को अजीबोगरीब मामला देखने को मिला। महिला थाना ने एक विवाहिता की उसके प्रेमी से शादी करा दी। इस दौरान उनका पहला पति भी सुलह-समझौते की आस में थाने पहुंचा था लेकिन दूर खड़ा अपनी पत्नी को सात फेरे लेते देखता ही रह गया और वहां से चला गया। आरोप कि जिस युवक से शादी कराई गई उसके पिता ने विरोध किया तो उसे भी पुलिस ने भगा दिया। महिला की उम्र 35 वर्ष है तो युवक 20 वर्ष का है। बहरहाल युवक के पिता ने पुलिस पर जबरन शादी कराने का आरोप लगाते हुए एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपा है।

ये है पूरा मामला

अलीनगर थाना क्षेत्र निवासी युवती की शादी शहाबगंज थाने के जरखोर गांव में विगत दस वर्ष पूर्व हुई थी। महिला के आठ और छह वर्ष के दो बच्चे भी हैं फिलहाल अपने पिता के साथ रहते हैं। महिला लाकडाउन में अपने मायके आई तो ननिहाल के एक युवक से उसका प्रेम संबंध हो गया। हालांकि युवक शादी के लिए तैयार नहीं था लेकिन महिला उसके साथ रहने के लिए अड़ गई। मामला अलीनगर महिला थाना पहुंचा। काफी जद्दोजहद और पंचायत के बाद महिला थाना प्रभारी शशि सिंह ने प्रेमी जोड़ों की मंदिर में शादी करा दी। हालांकि शादी की जानकारी होने पर महिला का पति भी थाने पहुंचा था। लेकिन दूर खड़ा पत्नी को शादी करते देखता भर रह गया। वैसे यह भी आरोप है कि पहले पति को महिला के संबंधों का पता चला था उसने भी पत्नी को साथ रखने से इंकार कर दिया था। बहरहाल पुलिसकर्मी इस अनोखी शादी के साक्षी बने। हालांकि युवक के पिता ने पुलिस पर जबरन शादी कराने का आरोप लगाते हुए एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। आरोप लगाया कि उनका लड़का महज 20 वर्ष का है जबकि महिला शादीशुदा और दो बच्चों की मां है, जिसकी उम्र 38 वर्ष है। शादी का विरोध करने पर उसे पुलिसवालों ने गाली-गलौच देकर भगा दिया।

शारीरिक दूरी के नियमों की उड़ी धज्जियां
कोविड नियमों का उल्लंघन करने पर एक दिन पहले ही 500 सपाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने वाली पुलिस खुद नियमों की धज्जियां उड़ाती रही। थाना परिसर में हुई शादी में काफी भीड़ उमड़ी लेकिन किसी ने मास्क नहीं पहना था। पुलिसकर्मी और महिला थाना प्रभारी भी बिना मास्क की नजर आए। बहरहाल अलीनगर थानाध्यक्ष ने कार्रवाई करते हुए शमन शुल्क वसूल किया है।

Leave a Reply

Back to top button
error: Content is protected !!