ख़बरेंचंदौली

चंदौली न्यूज : जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, दोनों तरफ से ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग से गांव में दहशत, ढूंढ रही पुलिस

चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के फेसुड़ा गांव में बगीचे की जमीन के बंटवारे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और अवैध असलहे से कई राउंड हवाई फायरिंग की गई। इससे गांव में दहशत फैल गई। सूचना के बाद पुलिस गांव में पहुंची तब तक दोनों पक्ष घर में ताला बंदकर फरार हो गए थे। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

 

फेसुड़ा में एक पक्ष से अशोक सिंह, संजय सिंह और दूसरे पक्ष से शैलेंद्र सिंह और श्यामसुंदर सिंह में बगीचे की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार की दोपहर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों की ओर अवैध असलहे से हवाई फायरिंग की गई। अचानक गोलियों की आवाज सुनकर गांव में दहशत फैल गई।

 

ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद सैयदराजा पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि गांव में हवाई फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। आरोपी घर में ताला बंदकर फरार हो गए हैं। उनकी तलाश की जा रही है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!