चंदौलीनिकाय चुनाव

Chandauli Nikay Chunav : नगर पंचायत चकिया में महिला के लिए आरक्षित अध्यक्ष पद के लिए बीजेपी में टिकट की मची होड़, इन्होंने ठोंकी दावेदारी

तरूण भार्गव

चंदौली। निकाय चुनाव अध्यक्ष पद के लिए आरक्षण घोषित होने के बाद सरगर्मी बढ़ गई है। चकिया नगर पंचायत अध्यक्ष का पद महिला के लिए आरक्षित होने से टिकट के लिए होड़ मच गई है। खासतौर से सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा से टिकट लेने के लिए संभावित उम्मीदवार एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। आधा दर्जन से अधिक ने टिकट के लिए दावेदारी की है।

 

सत्ता पक्ष से नगर पंचायत अध्यक्ष पद का टिकट मांगने वालों में गौरव श्रीवास्तव, भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी दिव्या जयसवाल, एनजीओ प्रकोष्ठ के राजकुमार जयसवाल, व्यवसायी भाजपा नेता शिवरतन गुप्ता, समाजसेवी सुनील जायसवाल, कैलाश प्रसाद जयसवाल तो संगठन से जुड़ी सुषमा जायसवाल समेत लगभग आधा दर्जन संभावित उम्मीदवार शामिल हैं। पार्टी की ओर से सभी प्रत्याशियों को प्रचार-प्रसार में लगाया गया है। नगर में भाजपा के लिए वोट मांगने का अभियान भी चलाया जा रहा है। सभी संभावित प्रत्याशी डोर टू डोर जाकर भाजपा के लिए वोट भी मांग रहे हैं, बहरहाल टिकट तो किसी एक को ही मिलेगा। ऐसे में उम्मीद लगाए अन्य लोगों की प्रतिक्रिया क्या होगी, यह देखना दिलचस्प होगा। सभी प्रत्याशी अपने अपने हिसाब से टिकट पाने की जुगत में पार्टी पदाधिकारियों से लेकर बड़े नेताओं से संपर्क साध रहे हैं। किसी प्रकार जुगाड़ लगाकर टिकट ले लेना चाहते हैं। वहीं दूसरी ओर पार्टी द्वारा दो बार टिकट की घोषणा की तारीख बताने के बाद भी किसी कारणवश टाल दी गई है। इससे संभावित उम्मीदवारों की धड़कनें और तेज हो गई हैं। नगर निकाय चुनाव चकिया के प्रभारी बनाए गए उमाशंकर सिंह व पार्टी के अन्य पदाधिकारियों की ओर से वार्डों में बैठकें की जा रही हैं। यह तो वक्त ही बताएगा कि संगठन आखिर किस पर भरोसा दिखाते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए टिकट पकड़ाता है।

Back to top button
error: Content is protected !!