चंदौलीप्रशासन एवं पुलिस

नवागत जिलाधिकारी ईशा दुहन ने ग्रहण किया कार्यभार, बोलीं, चंदौली में भी चलेगा बुल्डोजर

चंदौली। नवागत जिलाधिकारी ईशा दुहन ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने चार्ज लेने के साथ ही अपनी प्राथमिकताएं भी बता दीं। अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए। पर्यटन विकास के क्षेत्र में काम करने की जरूरत बताई। जनता को भरोसा दिलाया कि उन्हें अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे, बल्कि प्रशासन खुद जनता के द्वार पहुंचेगा। लोगों को शासन से संचालित योजनाओं का लाभ हर हाल में दिलाया जाएगा।

ईशा दुहन की एक सख्त और जनप्रिय अफसर की छवि है। वाराणसी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष व राजातालाब तहसील की एसडीएम रहने के दौरान किए गए उनके कार्यों की चर्चा होती है। शासन ने दो दिन पूर्व 14 आईएएस अफसरों का तबादला किया था। ईशा दुहन को चंदौली का जिलाधिकारी बनाया गया है। नवागत जिलाधिकारी सोमवार को ट्रेजरी पहुंची। मुख्य कोषाधिकारी ने उन्हें कार्यभार ग्रहण कराया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यहां भी अतिक्रमण के खिलाफ बुल्डोजर चलेगा। चंदौली दूर-दराज का जिला माना जाता है। नीति आयोग की ओर से जिले को अतिपिछड़ा घोषित किया गया है। आयोग के इंडिकेटर्स को पूरा करना प्राथमिकता रहेगी। ताकि डेल्टा रैंकिंग को सुधारा जा सके। समाज के आखिरी पात्र व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।

DM taking charge

उन्होंने कहा कि जिले में बहुत सारी परियोजनाएं चल रही हैं। उन्हें समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। पर्यटन की दृष्टि से जिला अभी टूरिस्ट मैप पर नहीं आ पाया है। बनारस के पास होने के बावजूद पर्यटकों को आकर्षित नहीं कर पाते। पर्यटन विकास पर ध्यान दिया जाएगा। कहा कि जिले के दूरदराज व सीमा के इलाकों के लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पहले भी अभियान चलते रहे हैं। उन्हें जारी रखा जाएगा। कोशिश की जाएगी कि जनता को आने की जरूरत न पड़े, बल्कि प्रशासन उन तक पहुंचे और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

महिला डीएम बोलीं, महिला कल्याण पर ध्यान दिया जाएगा। शासन से जो भी स्कीम चलाई जाती हैं, उनका लाभ आधी आबादी को दिलाया जाएगा। स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण पर विशेष फोकस रहेगा। कहा कि किसानों के उत्पादों को मार्केट दिलाने की दिशा में काम होगा। इसके लिए आनलाइन बिक्री के विकल्प पर भी विचार किया जाएगा। इसके लिए अलग बाजार स्थापित करने के लिए भी कार्ययोजना बनाई जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!