ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : न्यू बनारस कैमरा सोसाइटी को मिला नया संरक्षक, डॉ. विनय प्रकाश तिवारी के जुड़ने से संगठन को मिलेगी नई दिशा

वाराणसी/चंदौली। पूर्वांचल के फोटोग्राफरों और वीडियोग्राफरों के हितों के संरक्षण तथा उनके व्यावसायिक और तकनीकी विकास के लिए वर्ष 2016 से सक्रिय न्यू बनारस कैमरा सोसाइटी (NBCS) ने प्रसिद्ध उद्योगपति, शिक्षाविद एवं वित्तीय विशेषज्ञ डॉ. विनय प्रकाश तिवारी को संस्था का संरक्षक (पैट्रन) मनोनीत किया है। संस्था के इस निर्णय का सदस्यों ने स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा और फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी क्षेत्र से जुड़े लोगों के हितों के लिए और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करेगा।

 

एनबीसीएस पिछले एक दशक से वाराणसी सहित पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के फोटोग्राफरों और वीडियोग्राफरों को एक साझा मंच प्रदान कर रही है। संस्था का उद्देश्य केवल पेशेवर विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीकी प्रशिक्षण, सामाजिक सहयोग, नई तकनीकों से परिचय, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन तथा इस क्षेत्र से जुड़े लोगों के अधिकारों की रक्षा भी है। समय-समय पर आयोजित कार्यशालाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जनजागरूकता अभियानों और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से संस्था लगातार रचनात्मक समुदाय को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है।

 

संस्था के अध्यक्ष रंजन गौर, महामंत्री आदेश श्रीवास्तव, सचिव अजय कुमार पांडेय, कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह तथा सोशल मीडिया प्रभारी प्रिंस सिंह ने डॉ. विनय प्रकाश तिवारी का स्वागत करते हुए कहा कि उनका व्यापक अनुभव, दूरदर्शी सोच और नेतृत्व क्षमता संगठन के लिए नई ऊर्जा लेकर आएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके संरक्षण में संस्था का विस्तार होगा और फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी से जुड़े पेशेवरों को बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

 

संरक्षक बनाए जाने पर डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फोटोग्राफर और वीडियोग्राफर समाज के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और महत्वपूर्ण घटनाओं को अपने कैमरे में संजोकर आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखते हैं। यह केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक दायित्व भी है।

 

उन्होंने कहा कि वह संस्था के साथ मिलकर आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण, युवा प्रतिभाओं के कौशल विकास, रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा फोटोग्राफरों और वीडियोग्राफरों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. विनय प्रकाश तिवारी के संरक्षण में न्यू बनारस कैमरा सोसाइटी पूर्वांचल में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के क्षेत्र को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ इस पेशे से जुड़े लोगों के हितों को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!