ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: बूथ और ब्लॉक स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर, युवाओं को जोड़ने का लिया निर्णय, यूथ कांग्रेस की बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन

चंदौली। जिला यूथ कांग्रेस चंदौली की संगठनात्मक बैठक गुरुवार को शहर कैंप कार्यालय, कसाब महल, मुगलसराय में हुई। बैठक में तेलंगाना से आए उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस पूर्वी जोन के प्रभारी नरसिंम्भा यादव मुख्य रूप से शामिल हुए। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई।

 

बैठक में नरसिंम्भा यादव ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बूथ एवं ब्लॉक स्तर तक संगठन को सक्रिय करने का आह्वान किया। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने और स्थानीय स्तर पर युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया। रोजगार, शिक्षा और अन्य जनहित के विषयों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ।

 

बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR (Special Intensive Revision) को लेकर भी चर्चा हुई। निर्वाचन आयोग के अनुसार SIR का उद्देश्य पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल रखना और अपात्र नामों को हटाना है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहना चाहिए और पुनरीक्षण की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी हो। इस मुद्दे को लेकर आने वाले दिनों में लोकतांत्रिक आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने पर भी चर्चा हुई।

 

जिले के जिन ब्लॉकों में संगठन का गठन या विस्तार अभी बाकी है, वहां जल्द प्रक्रिया पूरी करने और सक्रिय युवाओं को जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष माधवेंद्र मूर्ति ओझा ने की। बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण द्विवेदी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, मुगलसराय विधानसभा अध्यक्ष प्रकाश शर्मा, चकिया विधानसभा अध्यक्ष विकास खरवार समेत शिवेंद्र मिश्रा, आकाश, गौरव, विनोद, नवीन पांडे, सुमित, अभिषेक, भोला खरवार, अभय और मोहम्मद गुफरान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!