
चंदौली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को यथार्थ नर्सिंग कॉलेज एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट, चंदौली में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रातः 7 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में संस्थान के एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग तथा एमएससी नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग के महत्व को समझते हुए नियमित अभ्यास का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के उपायों की जानकारी दी। योगाभ्यास सत्र का संचालन प्रो. धर्मेंद्र सिंह ने किया, जिनके निर्देशन में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन और वज्रासन सहित कई योगासनों का अभ्यास किया। इसके अलावा अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं भ्रामरी प्राणायाम भी कराया गया।
कॉलेज के प्रबंधक डॉ. धनंजय सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और व्यस्त जीवनशैली के बीच योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक हो गया है।
कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. जेनेट जे ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है और यह स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने नर्सिंग विद्यार्थियों को स्वयं स्वस्थ रहने के साथ-साथ समाज को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
वाइस प्रिंसिपल प्रो. प्रदीप सिंह ने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को भी विकसित करता है। कार्यक्रम में कॉलेज की फैकल्टी एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ योगाभ्यास में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प दोहराया।

