weatherचंदौली

Chandauli News : ज्येष्ठ जैसा तप रहा सावन, उमसभरी गर्मी ने किया बेहाल, जानिये आगे के मौसम का हाल

चंदौली। सावन में धूप की तल्खी और उमस लोगों को बेहाल कर रही है। पारा सामान्य से ऊपर जाने की वजह से जनमानस गर्मी के परेशान है। जुलाई का एक पखवारा बीतने को है, लेकिन जिले में अपेक्षा के अनुरूप बारिश नहीं हुई। इससे धान की रोपाई का काम भी प्रभावित है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार जताए हैं। 18 जुलाई के बाद बारिश में और कमी आने की आशंका है।

 

राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर निचले क्षोभमंडल में बने चक्रवाती परिसंचरण तथा मानसून द्रोणी के पूर्वी क्षोर के उत्तर की सरक कर प्रदेश में लखनऊ से होते हुए गुजरने के कारण प्रदेश में निचले क्षोभमंडल में बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर दोनों से नमीयुक्त हवाएं आ रही हैं। इसी क्रम में बंगाल की खाड़ी से आ रही आर्द्र पुरवा हवा का उत्तरी पाकिस्तान के आस-पास मध्य एवं ऊपरी क्षोभमंडल में एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में अवस्थित एक पश्चिमी विक्षोभ के साथ प्रतिक्रिया होने के कारण आगामी 4-5 दिनों के दौरान प्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ-साथ 13/14 जुलाई को तराई उत्तर प्रदेश के कुछ जनपदों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की सम्भावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। बताया कि मानसून द्रोणी अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर मध्य भारत की ओर खिसक सकती है। इसके चलते 18 जुलाई के बाद प्रदेश में वर्षा के क्षेत्रीय वितरण एवं तीव्रता दोनों में कमी आना आरम्भ हो जाएगी। यह कुछ-एक स्थानों तक सीमित रह जाएगी|

Back to top button
error: Content is protected !!