
चंदौली। शुरुआत तो एक मन्नत के पूरा होने से हुई थी। लेकिन गरीबों की मदद पहले जुनून फिर साधना में बदल गई। गरीबों का मुस्कुराता चेहरा आखों से होकर दिल में घर करते हुए सेवा भाव का जज्बा जगा गया। छह वर्षों से गरीबों को कपड़े, कंबल, अनाज और मिठाई बांटने का क्रम अनवरत चल रहा है। जी हां बात हो रही है पीडीडीयू नगर के वार्ड संख्या एक गल्लामंडी निवासी बिनोद सोनी की। जो गरीबों की सेवा को साधना मानकर चल रहे हैं। उनका पूरा परिवार इस नेक काम में उनका सहभागी बनता है।
पीडीडीयू नगर निवासी बिनोद सोनी सराफा कारोबारी हैं। उनकी व्यस्तता का कोई अंत नहीं। लेकिन बात जब गरीब बच्चों की मदद की आती है तो कोई भी दुश्वारी उनके राह का रोड़ा नहीं बन पाती। अपने बच्चों के नए पुराने कपड़े लेकर शहर में निकलते हैं और कोई भी गरीब बच्चा नजर आया तो बगैर संकोच के उसे पहना देते हैं। यह क्रम कभी नहीं रुकता। वहीं ठंड के मौसम में गरीबों को कंबल, अनाज और मिठाई पहुंचाते हैं। इस नेक कार्य के पीछे न तो उनका कोई स्वार्थ है ना ही कोई विवशता। लेकिन यह कार्य अब उनके और परिवार के लिए कार्य नहीं रहा बल्कि साधना बन चुका है, जिसे वो बड़ी शिद्दत से निभा रहे हैं। यदि बिनोद को कभी कहीं जाना हुआ तो यह काम उनकी बड़ी पुत्री खुशी और अन्य बेटियां मुस्कान, एकता और सृष्टि करती हैं। कहना न होगा कि बिनोद सोनी लोगों के लिए एक प्रेरणा हैं।