ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: मंदिर के पास बाइक खड़ी कर बेच रहा था हेरोइन, 16 पुड़िया के साथ तस्कर गिरफ्तार

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाकर 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह पड़ाव स्थित तारकेश्वर नाथ मंदिर के पास मोटरसाइकिल खड़ी कर राहगीरों को हेरोइन बेच रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 16 पुड़िया में करीब 12 ग्राम हेरोइन, बिक्री के 980 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।

 

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर की रात मुगलसराय पुलिस टीम पड़ाव चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तारकेश्वर नाथ मंदिर के पास एक युवक मोटरसाइकिल खड़ी कर अपने लोवर की जेब में रखी हेरोइन राहगीरों को बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर युवक घबरा गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान करन चौहान पुत्र कन्हैया चौहान निवासी मढ़िया नई बस्ती, मुगलसराय के रूप में बताई।

 

नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके लोवर की दाहिनी जेब से प्लास्टिक की पॉलीथिन में रखी कागज की 16 पुड़िया बरामद हुईं। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर पुड़िया सहित उनका कुल वजन करीब 12 ग्राम पाया गया। इसके अलावा बाईं जेब से हेरोइन बिक्री के 980 रुपये और एक वीवो एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद हुआ। मौके से बिना नंबर प्लेट की काली स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी मिली। चेसिस नंबर के आधार पर जांच करने पर उसका पंजीकरण नंबर यूपी 65 जीएफ 2498 पाया गया।

 

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुगलसराय कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ पहले भी मारपीट और धमकी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में हुई। टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!