ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: घर की छत के रास्ते घुसकर उड़ाए थे चांदी के कड़े और नकदी, हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, चोरी के कड़े और चार हजार रुपये किए बरामद

चंदौली। सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने के मामले में एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए एक जोड़ी चांदी के कड़े और चार हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और गुंडा निवारण अधिनियम समेत पहले से सात मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में चोरी का सामान बरामद होने से संबंधित धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।

 

पुलिस के अनुसार, जलालपुर दरियापुर गांव निवासी जयशंकर यादव ने 28 अक्टूबर 2026 को सकलडीहा कोतवाली में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि दोपहर करीब तीन बजे अज्ञात चोर घर की छत के रास्ते अंदर घुस आया। इसके बाद कमरे में रखी आलमारी से एक जोड़ी चांदी के कड़े और पांच हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।

 

चोरी की घटना के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही थी। इसी दौरान विकाश कुमार उर्फ छोटू उर्फ छोटकन का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने उसे घरचित नहर मोड़ के पास से सुबह करीब 8:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के चांदी के कड़े और चार हजार रुपये नकद बरामद हुए।

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दरियापुर गांव निवासी सियाराम के पुत्र विकाश कुमार उर्फ छोटू उर्फ छोटकन (28) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2017 से 2021 के बीच चोरी, चोरी का सामान रखने, आर्म्स एक्ट और उत्तर प्रदेश गुंडा निवारण अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

 

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र प्रसाद रावत, विजयशंकर चौहान तथा कांस्टेबल हृदेश चक्रवर्ती और प्रश्विन कुमार दूबे शामिल रहे। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!