खेलचंदौलीराज्य/जिला

सात दिन का वादा, अब परीक्षा की घड़ी, क्या अखाड़ा निर्माण शुरू कराएंगे WFI अध्यक्ष?

चंदौली। जनपद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष संजय सिंह ‘बबलू’ के एक बयान ने खेल जगत और स्थानीय लोगों के बीच नई चर्चा शुरू कर दी है। उन्होंने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि यदि उन्हें 6 से 8 बिस्वा जमीन उपलब्ध कराई जाए, तो वह मात्र 7 दिनों के भीतर UWW मानक के कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र का कार्य शुरू करा देंगे।

उनके इस बयान के तुरंत बाद डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल, कांटा बिशुनपुरा के प्रबंधक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने मंच से ही 14 बिस्वा जमीन देने की पेशकश कर सभी को चौंका दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह अगले ही दिन जमीन देने को तैयार हैं।

अब यह मामला केवल घोषणा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि वादे की साख से जुड़ गया है। मांगी गई जमीन से दोगुनी जमीन की सार्वजनिक पेशकश के बाद पूरे चंदौली की निगाहें इस पर टिक गई हैं कि क्या संजय सिंह ‘बबलू’ अपने वचन के अनुरूप 7 दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराते हैं या यह घोषणा भी महज भाषण बनकर रह जाएगी।

स्थानीय स्तर पर इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हैं। जहां कुछ लोग इसे पूर्वांचल में खेल क्रांति की शुरुआत मान रहे हैं, वहीं कई लोग इसे प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता की परीक्षा के रूप में देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे यह मुद्दा अब जनचर्चा का केंद्र बन चुका है। अब सबकी नजर अगले 7 दिनों पर टिकी है—क्या पहलवानों का सपना साकार होगा या यह वादा भी अधूरा रह जाएगा?

Back to top button
error: Content is protected !!