
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढ़िया में सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल पर हुए जानलेवा हमले के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। मामले में पुलिस ने सिद्धांत जायसवाल समेत उर्मिला यादव, मोनी यादव, मनोज यादव और अमित यादव के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

घटना के दूसरे दिन पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घर में लगे CCTV फुटेज को कब्जे में लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फुटेज के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। वहीं घायल गार्गी पटेल का इलाज पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक उनके शरीर में कई गंभीर चोटें हैं।
पीड़िता गार्गी पटेल ने आरोप लगाया है कि हमला राजनीतिक साजिश के तहत कराया गया। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही उन्हें लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में जान से मारने की धमकी दी गई थी। उनका आरोप है कि राजनीतिक रूप से सक्रिय होने और पार्टी में बढ़ती भूमिका से कुछ लोग नाराज थे।
घटना के बाद समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेताओं ने पीड़िता से मुलाकात कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

